बुलंदशहर। नगर निवासी कुलदीप सिंह ने खाद्य एवं उपभोक्ता केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को शिकायत भेजकर आरोप लगाया है कि चांदपुर एफसीआई गोदाम पर तैनात एक बाबू ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल की है। आरोप है कि उक्त बाबू ने स्वास्थ्य विभाग में तैनात अपने भाई के सहयोग से कानों से कम सुनाई देने का फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवा लिया है, जबकि आज तक बाबू ने कार्यालय में सुनने के लिए कानों में कोई मशीन ही नहीं लगाई है। आरोप यह भी लगाया है कि नौकरी हासिल करने के बाद वर्ष 2015 में उस बाबू ने इमलिया स्थित एफसीआई गोदाम पर तैनाती के दौरान करीब 95 लाख रुपये का गबन भी किया था।
कुलदीप सिंह ने मांग की है कि आरोपी के दिव्यांग प्रमाण पत्र और पूर्व में किए गए गबन की निष्पक्षता से जांच करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और किए गए फर्जीवाड़े की वसूली की जाए। संवाद