बुलंदशहर। थाना आहार क्षेत्र के खनौदा निवासी सुकेश कुमार ने पुलिस पर रिश्वत मांगने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक एसआई पर सीसीटीवी के सामने थप्पड़ मारने का भी आरोप लगाया। सुकेश कुमार ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर गाड़ी दिलाने और आरोपी एसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुकेश कुमार ने एसएसपी को बताया कि उन्होंने अपनी कार दोस्त को चलाने के लिए दी थी। दोस्त ने बाद में कार बेच दी। 24 अगस्त 2026 को सुकेश कुमार ने कार बरामदगी के लिए थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने 27 अगस्त को कार बरामद कर थाने में खड़ी कर ली।
सुकेश कुमार का आरोप है कि कार वापस करने के लिए एसआई ने उनसे 30 हजार रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर कार देने से इन्कार कर दिया गया।
सुकेश कुमार ने बताया कि दो सितंबर को वह गाड़ी वापस कराने के संबंध में थाना प्रभारी से मिलने गए थे। आरोप है कि एसआई ने थाना प्रभारी के मना करने के बावजूद उनके साथ अभद्रता की और थप्पड़ मारा। एसआई ने झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी और वीडियो डिलीट कर दिया।
यह पूरी घटना थाने के सीसीटीवी के सामने हुई। आरोपी एसआई ने आरोपों को निराधार बताया, वहीं सीओ भरत सोनकर ने शिकायत की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही।