बुलंदशहर/डिबाई। पुलिस ने ऑनलाइन ऑर्डर बुक कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
एसपी क्राइम नरेश कुमार ने बताया कि एनसीआरपी के प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से डिबाई क्षेत्र में संचालित एक मोबाइल नंबर के खिलाफ महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों से ऑनलाइन ठगी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच में पता चला कि आरोपी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से लकड़ी की मूर्तियां बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करता था, लेकिन भुगतान मिलने के बाद मूर्तियां नहीं भेजता था।
इस मामले में थाना डिबाई में मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी विशाल, निवासी मोहल्ला सराय बैरूनी, कस्बा एवं थाना डिबाई, हाल निवासी मोहल्ला चौधरी खेल, कस्बा एवं थाना डिबाई, को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अलग-अलग लोगों से कुल 10,399 रुपये की ठगी की है।
लकड़ी की मूर्तियों के नाम पर करता था ठगी
एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपी विशाल खुद को लकड़ी की मूर्तियां बनाने वाला कारीगर बताकर लोगों से संपर्क करता था। वह लकड़ी की नक्काशीदार मूर्तियां तैयार कर सप्लाई करने का दावा करता और ग्राहकों को मूर्तियों के नमूना फोटो भी भेजता था। इसके बाद एडवांस भुगतान के नाम पर ऑनलाइन अपने खाते में रुपये मंगवाता था। भुगतान प्राप्त होने के बाद न तो मूर्तियां भेजता था और न ही ग्राहकों का पैसा लौटाता था।