बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिविल लाइंस निवासी व्यापारी कुलदीप मित्तल से 44 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी कानपुर के किदवई नगर के निवासी हैं। आरोपियों ने लालच देकर और कुछ एप्लीकेशन डाउनलोड कराकर पीड़ित के बैंक खाते और यूपीआई के माध्यम से ठगी की थी। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
13 मार्च को नगर क्षेत्र के मोहल्ला सिविल लाइंस कोठियात निवासी कुलदीप मित्तल ने थाना साइबर क्राइम में तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि अज्ञात ठगों ने उनके बैंक खातों और यूपीआई आईडी से धोखाधड़ी कर 44.14 लाख रुपये हड़प लिए हैं।
साइबर थाना प्रभारी रामखिलाड़ी यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगे गए रुपयों में से तीन लाख रुपये संबंधित बैंक खाते में होल्ड करा दिए गए थे। जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विकास तिवारी और राहुल गुप्ता निवासी कानपुर जिले के किदवई नगर कानपुर के नाम सामने आए।
सोमवार देर शाम दोनों आरोपियों को किदवई नगर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और सिम कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके द्वारा पीड़ित को मोटे मुनाफे का झांसा देते हुए कुछ मोबाइल एप डाउनलोड कराए गए।
एप्स के माध्यम से रुपये निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पीड़ित ने रुपये निवेश कर दिए, जिसके बाद उसने रिटर्न की मांग की तो फुल एमाउंट रिफंड प्रक्रिया के लिए कुछ धनराशि जमा करने के बहाने पीड़ित से बैंक खातों और यूपीआई आईडी के जरिए रुपये ट्रांसफर कराकर ठग लिए गए। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों का पूछताछ कर चालान कर दिया गया है।