बुलंदशहर। सभासद ने लोकार्पण के दौरान लगाई गई शिलापट को दबंगों पर तोड़ने का आरोप लगाया है। वार्ड नंबर 14 के सभासद चिराग अग्रवाल ने नगर कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वार्ड में विकास कार्य पूर्ण होने के बाद नियमानुसार जनप्रतिनिधियों के नाम व पद अंकित करवाकर लोकार्पण शिलापट लगवाई गई थी। शिलापट पर मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, सांसद, विधायक, पालिका अध्यक्ष व सभासद के नाम लिए गए थे।
आरोप है कि बुधवार की रात में अज्ञात दबंगों ने मौका पाकर इस लोकार्पण शिलापट को तोड़ दिया। बताया कि इससे पूर्व 29 नवंबर 2025 की रात को भी इसी तरह शिलान्यास पत्थर को तोड़ा गया था। इसकी सूचना नगर पालिका को दी गई थी।
सभासद का कहना है कि चुनावी रंजिश के चलते अराजक तत्व बार-बार ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर माहौल खराब करने और भय पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में उनके परिवार को भी जानमाल का खतरा बना हुआ है
पीड़ित सभासद ने पुलिस प्रशासन से जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि पुलिस ने पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।