जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार द्वारा कथित रूप से पाकिस्तान के पक्ष में की गई नारेबाजी के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने रविवार को तिरंगा मार्च निकाला।
महादेव चौराहे के निकट से शुरू हुआ तिरंगा मार्च पैंठ चौराहे, होली गेट, बजाजा, घंटाघर, सर्राफा बाजार होता हुआ चंद्रशेखर आजाद पार्क पर समाप्त हुआ। मार्च का नेतृत्व प्रदेश कार्यकारणी के सदस्य विकास कुमार कर रहे थे। इस दौरान विक्रांत राघव, हरीओम, रविराज, प्रदीप चौहान, अमित समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, सिकंदराबाद में जेएनयू में भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल छात्रों का पक्ष लेने के आरोप में शिवसैनिकों ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका। शिवसैनिकों ने नारेबाजी करते हुए कस्बे में जुलूस भी निकाला। कामगार सेना के नगर अध्यक्ष राजकुमार माहौर ने कहा कि जेएनयू के राष्ट्रद्रोही तत्वों का समर्थन कर राहुल गांधी ने अपनी ओछी राजनीति का परिचय दिया है।
इस घटना से पूरे देश की युवा पीढ़ी एवं नागरिकों में रोष है। ऐसे लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए। इस दौरान ज्ञानचंद भारद्वाज, प्रवीन पंवार, शिवम गोयल, प्रदीप शर्मा, सौरभ शर्मा मौजूद रहे।
वहीं गुलावठी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयानों के विरोध में नगर में उनके पुतलों की अर्थी निकाली तथा नारेबाजी करते हुए उनकी अर्थियों को सिकंदराबाद तिराहे पर फूंका।
इस मौके पर बजरंग दल के संपर्क प्रमुख प्रशांत तोमर, अशोक बिधूड़ी, भाजयूमों के नगर अध्यक्ष प्रिंस तेवतिया, बजरंग दल के नगर संयोजक नीरज सैनी, वीरेंद्र बंसल, हरिमोहन पालीवाल, विनोद शास्त्री, मुकेश तेवतिया, राहुल वर्मा, आदेश चौहान, चंदगीराम गुर्जर, जयकिशन बिधूड़ी, सूर्यवीर सिंह, शैलेंद्र प्रताप, राजू सैनी, दीपक आदि मौजूद रहे।