बुलंदशहर/गुलावठी/बुगरासी/शिकारपुर/औरंगाबाद/डिबाई/जहांगीराबाद। जिले के 71 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर परामर्श दिया गया। मेले में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार के एक हजार से अधिक मरीज पहुंचे। अन्य बीमारियों के भी करीब चार हजार मरीजों ने परामर्श लिया।
सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें शुगर, उच्च रक्तचाप, बुखार, मलेरिया, पैथालॉजी में जांच की गई। साथ ही दवा का भी वितरण किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य कार्ड का पंजीकरण, वितरण व टीकाकरण किया गया। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग से संबंधित सेवाएं जैसे मातृ- शिशु कल्याण, जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण, परिवार नियोजन, संचारी व गैर संचारी रोगों से संबंधित सेवाएं प्रदान करना व उनका प्रचार-प्रसार करना है।
लखावटी सीएचसी पर 122 मरीजों में 75 मरीज सर्दी, जुकाम खांसी के रहे, शेष अन्य बीमारियों के रहे। मरीजों को डॉ. अशोक, फार्मासिस्ट मनीष सिरोही एवं यूनानी डॉ. मेहर आलम ने परामर्श दिया। जहांगीराबाद पीएचसी पर 90 मरीजों ने परामर्श लिया। इन्हें डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. अविनाश आनंद ने परामर्श दिया। शिकारपुर क्षेत्र के गांव जखेता पीएचसी पर लगे मेले में 68 मरीजों ने परामर्श लिया। जिनमें बुखार, खांसी, उल्टी आदि बीमारियों के मरीजों को डॉ. ज्योति ने परामर्श और फार्मासिस्ट विश्वनाथ जायसवाल ने दवा वितरित की। डिबाई क्षेत्र के कसेरकलां पीएचसी पर सीएचओ ने अजय कुमार 65 मरीजों को परामर्श दिया। वहीं, केंद्र पर नसबंदी कैंप आयोजित हुआ। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला नसबंदी कैंप में 31 के ऑपरेशन किए गए। वहीं, दानपुर क्षेत्र के सुल्तानपुर बिलोनी में 54, जिरौली में 75, धर्मपुर में 152 व दौलतपुर में 65 मरीजों को परामर्श दिया गया। अन्य पीएचसी पर भी आरोग्य मेले में मरीजों को परामर्श दिया गया।
गुलावठी में फार्मासिस्ट ने दिया परामर्श
गुलावठी पीएचसी पर लगे आरोग्य मेले में फार्मासिस्ट अनिल कुमार ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। मेले में 150 मरीजों में खांसी, जुकाम व बुखार के अधिक मरीज रहे। केंद्र पर आयुष चिकित्सक डॉ. रुचि पांडे ने भी मरीजों को परामर्श दिया। वहीं, बुगरासी पीएचसी पर आरोग्य मेले में 30 मरीज परामर्श लेने पहुंचे। इस दौरान आयुष चिकित्सक अनुपस्थित रहीं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. कृष्णा ने बताया कि आरोग्य मेले में सर्दी-खांसी, जुकाम आदि के मरीज आए। सभी को जांच के परामर्श दिया।
आरोग्य मेले का सभी जगह आयोजन हुआ। मेले में सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के सर्वाधिक मरीज परामर्श लेने पहुंचे। गुलावठी एवं बुगरासी में चिकित्सक न आने की जांच कराई जाएगी। मेले का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाएगा। - डॉ. मंजू अग्रवाल, कार्यवाहक सीएमओ