संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक निजी स्कूल की आया की हत्या का खुलासा पुलिस पांच दिन बाद भी नहीं कर सकी है। पुलिस के जल्द खुलासे के दावे समय बीतने के साथ फेल साबित होते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मृतका के पारिवारिक सदस्यों से लेकर करीबियों और अब स्कूल के स्टॉफ के लोगों से भी पूछताछ की है लेकिन, वारदात का खुलासा तो दूर पुलिस हत्यारोपी की शिनाख्त तक नहीं कर सकी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 40 वर्षीय महिला देहात क्षेत्र में ही एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में आया थी। गत बुधवार को वह घर से स्कूल गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। बृहस्पतिवार शाम को नेशनल हाईवे पर गांव के पास ही उसका शव एक खेत में पड़ा मिला था। परिजनाें और अन्य लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें दुष्कर्म और मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था। जांच के दौरान स्कूल से बुधवार दोपहर करीब दो बजे महिला पैदल निकलते हुए सीसीटीवी में भी कैद हुई। इसके अलावा पुलिस ने अन्य सीसीटीवी खंगाले तो एमएमआर मॉल के पास वह एक टेंपो में सवार होते हुए नजर आई।
इसके अलावा नहर के निकट भी वह एक व्यक्ति से बात करती नजर आई थी। जिसके बाद परिजनों ने मृतका की कॉल डिटेल आदि के आधार पर उसके करीबियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। साथ ही पारिवारिक सदस्यों से भी पूछताछ की गई। जिससे कि वारदात का राजफाश हो सके। लेकिन, पुलिस को अब तक कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा है। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं पर की जा रही है। अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा।