दिल्ली विधानसभा से शहीद भगत एवं संविधान निर्माता की फोटो हटाए जाने पर शनिवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। साथ ही नगर के काला आम चौक स्थित शहीद स्थल में लगी सरदार भगत सिंह की प्रतिमा की साफ-सफाई कर स्वच्छ पानी से स्नान कराया।
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र लोधी ने बताया कि भाजपा की दिल्ली में सरकार बनने के बाद विधानसभा परिसर से शहीद भगत सिंह और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को हटाकर अपमानित किया है। इस अपमान को आम आदमी पार्टी नहीं सहेगी।
प्रदेश प्रवक्ता विकास शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं संग नगर के काला आम चौक स्थित शहीद स्थल पहुंचे। यहां पर सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर फैली धूल-मिट्टी को साफ कर स्वच्छ जल से स्नान कराया।
विज्ञापन
कहा कि दिल्ली विधानसभा से शहीदे आजम सरदार भगत सिंह और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की फोटो हटा कर शहीदों का अपमान किया है। इससे भाजपा की मानसिकता का पता चलता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इस दौरान अधिवक्ता तेजपाल सिंह, डीपी सिंह, विनय सिंह, विपुल शर्मा, आरिफ खान, जीतू आदि ने प्रतिमा की साफ सफाई की।