संवाद न्यूज एजेंसी
छतारी। क्षेत्र के अतरौली मार्ग पर शुक्रवार रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में अभी पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
थाना क्षेत्र के पंड्रावल गांव निवासी सुनील (23) पुत्र विन्नामी शुक्रवार रात कस्बे से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। जब वह अतरौली मार्ग पर गांव के पास पहुंचा, तो इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने फोन करके पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। साथ ही फरार वाहन की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।