वैर में सील हुआ मेडिकल स्टोर। संवाद
चोला। बुखार और खांसी से पीड़ित युवक की सोमवार को इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने एक मेडिकल स्टोर संचालक पर युवक को गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर वैर चिकित्सा प्रभारी ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के गांव आलियाबाद निवासी 28 वर्षीय अनिल पुत्र ओमपाल सोमवार को अपनी मां नब्वो उर्फ नगीना के साथ वैर में बुखार और खांसी की दवा लेने के लिए गए थे। नब्वो ने बताया कि वैर के एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे तो वहां संचालक ने अनिल के दो-तीन इंजेक्शन लगाए। इसके बाद से अनिल की हालत बिगड़ने लगी। वह अनिल को लेकर चिकित्सालय पहुंचीं। वहां उपचार के दौरान अनिल ने दम तोड़ दिया।
परिजनों के हंगामा करने पर पुलिस और वैर चिकित्सा प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों की शिकायत पर शर्मा मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. सचिन भाटी, वैर चिकित्सा प्रभारी