बुलंदशहर/सलेमपुर। थाना क्षेत्र के गांव बनवारीपुर निवासी गोपाल (28) का शव रविवार सुबह गांव वाले मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला। गोपाल छह मार्च को ही चोरी के मामले में जिला कारागार से जमानत पर छूटकर आया था। पुलिस उसके साथियों से पूछताछ कर रही है। मामले में रविवार शाम तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी थी।
सीओ शिकारपुर शोभित कुमार ने बताया कि सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव बनवारीपुर निवासी गोपाल सिंह को बीते दिनों स्टार्टर चोरी करने के मामले में जेल भेजा गया था। उसके साथ ही गांव धतूरी निवासी एक अन्य युवक भी चोरी के मामले में जेल गया था। दोनों छह मार्च को जमानत पर जिला कारागार से रिहा हुए थे। शनिवार शाम को गोपाल घर से कहीं जाने की बात कह कर निकला था। इसके बाद कुछ लोगों ने देर शाम उसे सलेमपुर-बनवारीपुर मार्ग स्थित एक ट्यूबवेल पर धतूरी निवासी उसके साथी के साथ देखा था। वहां दोनों ने साथ में शराब पी थी।
देर रात तक गोपाल वापस घर नहीं पहुंचा था, सुबह जब ग्रामीण घरों से खेतों की ओर निकले तो उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। ग्रामीणों ने उसकी शिनाख्त कर परिजनों व पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच की। गोपाल की हत्या की है या कोई हादसा है, इसकी अभी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने रात में उसके साथ मौजूद रहे युवक से भी पूछताछ की है लेकिन अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर मिलने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - रोहित मिश्र, एसपी देहात