क्षतिग्रस्त पड़ी युवक की साइकिल।
- फोटो : संवाद
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिदेव मंदिर के निकट स्थित खुर्जा-मेरठ रेलवे ट्रैक पर बुधवार देर शाम रेलवे ट्रैक पार कर रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। नगर के मोहल्ला न्यू राज नगर निवासी 22 वर्षीय अवनीश राजपूत नगर में ही एक कार एजेंसी पर नौकरी करता था। बताया गया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे वह ड्यूटी से घर आते समय शनिदेव मंदिर के निकट स्थित रेलवे ट्रैक से गुजर रहा था। इस दौरान मेरठ की ओर से ट्रेन को आता हुआ देख ट्रैक पार कर रहे एक बच्चे की साइकिल निकालने में उसकी मदद करने लगा। लेकिन, वह साइकिल निकालने के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह ट्रेन से टकराकर दूसरी पटरी पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद