गाजियाबाद। परिवहन विभाग ने आमजन को आरटीओ कार्यालय के बार-बार चक्कर काटने से राहत देने का निर्णय लिया है। अब हर महीने संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में परिवहन मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को लगेगा, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान होगा।
एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह व्यवस्था अक्तूबर माह से शुरू की जा रही है। इसके तहत आगामी 23 अक्तूबर, 27 नवंबर और 26 दिसंबर को मेले का आयोजन होगा। यदि निर्धारित शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश रहता है, तो मेला अगले दिन यानी शनिवार को लगाया जाएगा। परिवहन मेले में आवेदकों की सुविधा के लिए कई हेल्प डेस्क व काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इनमें वाहन पंजीकरण (आरसी), फिटनेस प्रमाण पत्र और व्यावसायिक परमिट जैसी सेवाएं मिलेंगी। सड़क कर भुगतान और वाहन स्क्रैपेज से संबंधित कार्य भी यहां होंगे।
स्क्रैपेज और ऑनलाइन सेवाओं पर जोर
पुराने वाहन को स्क्रैप कराने के बदले नए वाहन की खरीद पर सरकार कर छूट देती है। इससे जुड़ी औपचारिकताएं और स्क्रैपिंग प्रमाण पत्र (सीओडी) संबंधी कार्य मेले में प्राथमिकता से पूरे कराए जाएंगे। इसके साथ ही, परिवहन विभाग के सारथी और वाहन पोर्टल पर उपलब्ध फेसलेस व ऑनलाइन सेवाओं के बारे में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। यह प्रयास लोगों को घर बैठे आवेदन करने में मदद करेगा। इससे वे दलालों व बिचौलियों के चंगुल में फंसने से बच सकेंगे।