मूल रूप से हाथरस निवासी भूपेंद्र सिंह बीते दिनों ही यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। उनकी बुलंदशहर पुलिस लाइन में ट्रेनिंग चल रही है। बीते दिनों वह छुट्टी पर अपने घर गए हुए थे। जहां से शनिवार सुबह ही वह वापस लाइन स्थित अपनी बैरक में पहुंचे थे। दोपहर के समय उनकी अचानक हालत बिगड़ने लगी। जब साथी पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की तो पता चला कि भूपेंद्र ने जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की है।
साथियों ने इसकी जानकारी अन्य अधिकारियों को दी। साथ ही भूपेंद्र को दोपहर करीब दो बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। जहां से उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां, उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर एसपी देहात, एएसपी समेत अन्य अधिकारियेां ने भूपेंद्र की बैरक का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंच कर भी जानकारी हासिल की है।
पुलिस को भूपेंद्र के फोन से कुछ तथ्य भी हाथ लगे हैं। जिससे सामने आ रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया है। अधिकारियों ने भूपेंद्र के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी है। एएसपी ऋजुल कुमार का कहना है कि इस प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। भूपेंद्र के परिजनों से भी इस संबंध में बातचीत की जाएगी।