संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचागांव । कस्बा दौलतपुर कलां स्थित करीब 250 साल पुराने दीवानखाने की दीवार व एक हिस्सा बुधवार दाेपहर बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गया। लोगो की सूझबूझ के चलते कोई ग्रामाीण उसकी चपेट में नहीं आया। सूचना पर एसडीएम स्याना अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। दीवानखाने गिरने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे कस्बा दौलतपुर कलां के मुख्य बाजार के समीप करीब 250 वर्ष पुराना दीवान खाना जर्जर भवन की दीवार व छत के हिस्से टुकड़ों में नीचे गिर रहे थे। इसी के चलते वहां आस पास मौजूद लोग भी इधर-उधर हो गए। देखते ही देखते दीवान खाना के जर्जर भवन का एक हिस्सा पूरी तरह से भरभराकर जमीन पर आ गिरा। लेकिन, वहां मौजूद दुकानदारों ने पहले ही वहां से गुजरने वाले लोगों को रोक दिया था। जिससे कोई भी बड़ा हादसा होने से बच गया। उसी दौरान किले की दूसरी मंजिल देखते ही देखते गिर गई। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ग्रामीणों ने बताया है कि करीब छह माह पूर्व जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर इस दीवान खाने की जर्जर हालात से अवगत कराते हुए गुहार लगाई थी। बताया था कि जर्जर दीवारों को मरम्मत कराई जाए या दीवारों को हटवा दिया जाए। लेकिन, कोई समस्या आ समाधान नही हो पाया था। घटना की सूचना पर एसडीएम स्याना अरविंद कुमार और थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन को बुलाकर मलबे को हटवाया जा रहा है।