अनूपशहर में निकाली गई शोभायात्रा में शामिल झांकी। संवाद
अनूपशहर। कस्बे में मां मनसा देवी की पारंपरिक छठ पंखा शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। हरिहर बाबा लोकमन की समाधि से शुरू हुई इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्ति और शक्ति के संगम के बीच बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया। वहीं, 27 मार्च को रामनवमी पर विशाल मेला लगेगा। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं।
शोभायात्रा का शुभारंभ मोहल्ला मदार गेट स्थित बाबा हरिहर लोकमन की समाधि पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यहां से बाबा के चित्र से सुसज्जित भव्य रथ के साथ कारवां आगे बढ़ा। यात्रा शिव चौक, इमली बाजार चौराहा, सब्जी मंडी तिराहा, गदियाना और अहार गेट होते हुए जाफराबाद स्थित मां मनसा देवी मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर माता के पंखे का स्वागत किया।
शोभायात्रा में सबसे खास आकर्षण गुरुकुल टेंपल ऑफ एजुकेशन के बच्चों की प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने नवरात्रि के महत्व को दर्शाते हुए नौ देवियों की सजीव झांकी सजाई। मां काली के रौद्र रूप और आदि योगी पर आधारित नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांकी के साथ चल रहे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। माता मनसा देवी ट्रस्ट के डॉ. आलोक गोविल ने बताया कि यह शोभायात्रा कोई नया आयोजन नहीं है, बल्कि दशकों से अनूपशहर की पहचान बनी है।
मंदिर कमेटी के सदस्य सुबोध बंसल ने बताया कि शोभायात्रा के बाद अब आगामी 27 मार्च को रामनवमी पर भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारा होगा और बच्चों के लिए विशेष झूले व मनोरंजन की व्यवस्था की जाएगी। शोभायात्रा के मार्ग पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहा, जिससे श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। आयोजन में डाॅ. आलोक गोविल, सुबोध बंसल, श्रीकृष्ण अग्रवाल, अभय गर्ग, हिरदेश वाष्णेय, विनीत बंसल,पवन गोयल, विजय लोधी, गिरीश चंद गोयल और मुकेश नागल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।