फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: अलीगढ़ से बुलंदशहर वलीपुरा नहर तक फोरलेन सड़क का होगा निर्माण

विज्ञापन
बुलंदशहर से हामिदपुर तक जाने वाला मार्ग। संवाद
विज्ञापन
बुलंदशहर। जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। बुलंदशहर से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने का सफर आसान होगा। अलीगढ़ के हामिदपुर से बुलंदशहर वलीपुरा नहर तक एनएच-334 डीडी फोरलेन होगा। यह मार्ग अलीगढ़ से पलवल मार्ग और जेवर एयरपोर्ट के साथ जहांगीरपुर, झाझर, ककोड़ व चोला को जोड़ेगा।
विज्ञापन

करीब 45 किलोमीटर मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और टेंडर भी जारी कर दिया है।
परियोजना पूरी होने पर न केवल जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच आसान होगी बल्कि मार्ग से जुड़े कस्बों और गांवों में व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। मार्ग के फोरलेन होने से करीब दस लाख लोगों को लाभ मिलेगा।
विज्ञापन

बुलंदशहर से चोला, ककोड़, झाझर, जहांगीरपुर व अलीगढ़ के हामिदपुर तक पहुंचने वाले इस मार्ग की स्थिति अच्छी नहीं है। बुलंदशहर से ककोड़ तक यह मार्ग डबल लेन हैं जबकि इससे आगे बढ़ते यातायात के मुकाबले सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बनती है।
ओवरटेकिंग के दौरान दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। फोरलेन निर्माण के बाद यातायात का दबाव कम होगा। इससे बुलंदशहर शहर के साथ-साथ चोला, ककोड़, जहांगीरपुर और हामिदपुर मार्ग पर स्थित करीब 80 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
करीब 45 किलोमीटर के इस मार्ग में अलीगढ़ के हामिदपुर क्षेत्र में डेढ़ किलोमीटर का हिस्सा शामिल हैं। जबकि शेष हिस्सा गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर की सीमा में आता है। बुलंदशहर में हामिदपुर से भवन व अन्य निर्माण के लिए बदरपुर व डस्ट की सप्लाई की जाती है। अब इस मार्ग के फोरलेन होने पर बदरपुर व डस्ट को लाने में आने वाली परेशानी भी काफी हद तक कम हो जाएगी।

यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ाव से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
प्रस्तावित योजना के तहत मार्ग को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है। इससे बुलंदशहर से मथुरा, वृंदावन और हरियाणा की ओर आवागमन और अधिक आसान हो जाएगा। धार्मिक, व्यावसायिक और पर्यटन यात्राओं में समय की बचत होगी।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार और संजय का कहना है कि बड़ी संख्या में लोग मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए जाते हैं। मार्ग के चौड़ीकरण और यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ाव के बाद श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।


व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय नागरिक हिमांशु व आशीष का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट को जाने वाले इस मार्ग के फोरलेन होने से मार्ग का महत्व बढ़ जाएगा। बेहतर सड़क संपर्क मिलने से निवेश आकर्षित होगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
साथ ही जेवर एयरपोर्ट और जहांगीरपुर से हामिदपुर तक पहुंचने में समय की बचत होगी। फोरलेन मार्ग बनने से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी। परिवहन सुविधाएं बेहतर होने से नए उद्योग और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित होने की संभावना बढ़ेगी।
-
कोट
बुलंदशहर से हामिदपुर तक एनएच-334 डीडी मार्ग को फोरलेन करने के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय टेंडर जारी किया है। कंसल्टेंट की नियुक्ति के बाद परियोजना की डीपीआर तैयार होगी। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद सड़क चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। - अरविंद यादव, अधिशासी अभियंता, एनएच, गाजियाबाद।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें