फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शराबी पिता ने डेढ़ साल के बेटे को मार डाला: मां गांव में खाने के लिए मांगने गई थी, अकेला पाकर बाप ने दबाया गला

Thu, 15 Oct 2026 07:15 PM IST
Akash Dubey अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर

सार

बृहस्पतिवार शाम शराब के नशे में पिता इमरान ने डेढ़ वर्षीय बेटे अदनान की गला दबाकर हत्या कर दी। वह शव नदी में फेंकने जा रहा था, तभी लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
विलाप करते परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के बुलंदशहर जिले के पहासू थाना क्षेत्र के पठान टोला मोहल्ला में बृहस्पतिवार शाम को शराब के नशे में पिता इमरान ने गला दबाकर अपने डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे अदनान की हत्या कर दी। वह बच्चे के शव को काली नदी में फेंकने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में जानकार व्यक्ति के टोकने पर उसे बच्चे को जमीन पर रखकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान लोगों ने पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन



 

Trending Videos

पहासू के पठान टोला मोहल्ला निवासी अदनान की मां समीम ने बताया कि उनका निकाह करीब तीन साल पहले आरोपी इमरान के साथ हुआ था। उनका डेढ़ साल का बेटा था और सौतेली तीन बेटियां साथ रहती थीं। आरोप है कि उनके पति इमरान को शराब की लत है, जो कुछ काम नहीं करता था। इसी के चलते आए दिन घर में क्लेश होता था। बच्चों के पालन पोषण के लिए पीड़िता ही मजदूरी करती थी और कभी-कभी भीख मांगकर घर में खाना लेकर आती थी।

आरोप है कि रोजाना की तरह बृहस्पतिवार दोपहर को इमरान शराब के नशे में घर आ गया और पत्नी समीम के साथ गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। वहीं उनका बच्चा और बेटियां भूख से परेशान थे। ऐसे में शाम करीब पांच बजे पीड़िता व दो बेटियां साथ में पड़ोस में खाना मांगने चलीं गईं।

आरोप है कि इसी वक्त आरोपी ने उनकी पांच साल की बेटी को पीटना शुरू कर दिया, जिसमें उसके कपड़े भी फट गए। बच्ची जोर-जोर से रोने लगी और बचने के लिए शोर मचाया। वहीं, घर में मौजूद चारपाई पर सो रहा डेढ़ वर्षीय बच्चा अदनान आवाज से उठ गया और रोने लगा। पहले आरोपी उसे चुप कराने के लिए खिलाने लगा तो वह चुप नहीं हुआ। आरोप है कि आरोपी ने अदनान का गला दबा दिया, जिसमें उसकी सांस रुक गई।

यह घटना मासूम बच्ची ने देख लिया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को घर से बाहर निकाल दिया। बच्ची ने आस-पास मौजूद पड़ोसी महिलाओं और मां को बुला लिया। तभी पीड़ित मां समीम व बेटियां भी वहां आ गई। उनके आते ही आरोपी इमरान बच्चे को गोद में लेकर सीएचसी में पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी बदहवास हालत में बच्चे को काली नदी में फेंकने के लिए पैदल ही चल दिया। इसी बीच रास्ते में मिले एक व्यक्ति ने आरोपी को टोका कि बच्चे को इस स्थिति में लेकर कहां जा रहा है। क्योंकि बच्चे लटका हुआ था और लग रहा था कि उसके साथ कोई हादसा हुआ है। टोकते ही आरोपी बच्चे को जमीन पर रखकर भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी इमरान गिरफ्तार कर लिया।

मासूम बच्ची ने खोला हत्या का राज
मां समीम ने बताया कि जब वह घर में आई तो इमरान बच्चे के बीमार होने का नाटक करने लगा। दिखावे के तौर पर बच्चे को गोद में लेकर लाड करने लगा और बीमारी से सांस रुकने की बात करने लगा। इसके बाद वह अदनान को अस्पताल ले गया, जब चिकित्सकों ने जवाब दे दिया तो आरोपी उसे नदी में फेंकने के लिए जाने लगा। उधर, घटना के समय मौजूद बच्ची जिया ने घटना का राज खोला। परिवार और पड़ोस के लोग आरोपी को पकड़ने जाते तब तक रास्ते में ही लोगों ने उसे पकड़ रखा था।

पहले पति को छोड़कर आई समीम, इमरान का था इकलौता बेटा
पड़ोस में रहने वाली नाजिया ने बताया कि इमरान की पहली यह पहली पत्नी थी। जबकि समीम की इमरान से यह दूसरी शादी थी। पहले पति से समीम को तीन बेटियां जिया, सादिका और मोटी है। इमरान से समीम को बेटा अदनान हुआ। उन्होंने बताया कि इमरान शराब पीकर आए दिन हंगामा करता था। बताया कि इमरान समीम को लेकर किराए के घर में रहता था। लड़ाई के कारण डेढ़ साल में वह कई बार मकान बदल चुका है। आरोपी के पिता नई बस्ती पठान टोला स्थिति अपने घर पर रहते हैं। व्यवहार के कारण आरोपी को वह अपने घर पर नहीं रखते थे। पिछले काफी समय से चारों बच्चों का पालन पोषण समीम ही भीख मांगकर और मजदूरी करके करती थी।

हाथ-पैर पटककर खुद को कोसती रही समीम, नहीं जाती तो बच जाता लल्ला
घटना के बाद समीम अपने आप को ही कोसती रही। वह रोते रोते सिर पर हाथ मारती रही। पड़ोसी महिलाओं ने उसका ढांढस बांधा। बार-बार हाथ पैर पटककर खुद को दोष देती रही कि यदि वह अपने साथ अदनान को ले जाती या दोपहर में बाप के भरोसे न छोड़ती तो उसका लल्ला आज जीवित होता। उसके दुख को देखकर मोहल्ले के सभी लोगों की आंखें नम थीं। वहीं, पुलिसकर्मी भी बेबस समीम से सवाल करने से कतरा रहे थे।
विज्ञापन

पहासू कस्बा निवासी इमरान ने अपने डेढ वर्षीय बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे घटना के बारे में जानकारी की जा रही है। - दीपक तिवारी, सीओ शिकारपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें