बुलंदशहर। अगर आप पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं लेकिन किसी कारणवश आपकी फाइल आगे नहीं बढ़ सकी है तो आपके लिए सुनहरा मौका है। बुलंदशहर के प्रधान डाकघर पर संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र पर 22 व 23 दिसंबर को विशेष पासपोर्ट मेला लगाया जाएगा। आवेदक अपने दस्तावेज लेकर प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (भारतीय विदेश सेवा) अनुज स्वरूप ने बताया कि 18 से 26 दिसंबर तक मेरठ, बुलंदशहर, वृंदावन व नोएडा के पासपोर्ट सेवा केंद्र पर पहले चरण का पासपोर्ट मेला आयोजित होगा। यह विशेष अभियान विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद द्वारा चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। बुलंदशहर के प्रधान डाकघर पर संचालित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर 22 व 23 दिसंबर को दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक मेला लगेगा। मेले में आवेदकों को पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर टोकन जारी किए जाएंगे। टोकन प्राप्त करने पर लंबित फाइलों पर प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। आवेदक अपने सभी संबंधित दस्तावेज की मूल एवं छायाप्रति के साथ पासपोर्ट मेले में आएं, ताकि उनकी फाइलों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।