खुर्जा के जटिया अस्पताल में एआरवी लगवाते चौकी इंचार्ज। संवाद
खुर्जा। नगर में स्थित शफाखाना चौकी प्रभारी संदीप गहलौत को गश्त के दौरान कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद चौकी प्रभारी ने सोमवार को अस्पताल पहुंच कर एआरवी लगवाई।
शफाखाना चौकी प्रभारी संदीप गहलौत ने बताया कि रविवार रात को वह क्षेत्र में फैंटम बाइक पर गश्त कर रहे थे। बाइक दूसरे पुलिसकर्मी चला रहे थे और वह पीछे बैठे थे। जब वह न्यू शिवपुरी कॉलोनी में गए तो तभी कुत्तों का झुंड बाइक के पीछे दौड़ पड़ा जिसमें एक कुत्ते ने उनके पैर के टखने में काट लिया। वह बड़ी मुश्किल से वहां से निकल कर आए। इसके बाद सोमवार को उन्होंने उपचार कराया और जटिया अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। स्थानीय निवासी सोनू का कहना है कि क्षेत्र में कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तीन दिन पहले दुकान से सामान लेकर आ रही उनकी चाची पर कुत्तों ने हमला कर दिया और उनके हाथ में काट लिया। इसके अलावा सिद्धेश्वर मंदिर मार्ग निवासी अक्षय ने बताया कि शनिवार को घर के बाहर घूम रहे आवारा कुत्ते ने उनके पैर में काट लिया। उन्होंने भी एआरवी लगवाई।