कुत्ते के हमले में जख्मी किशोर। संवाद
बुलंदशहर। घर जा रहे किशोर पर सोमवार सुबह अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने किशोर के उल्टे हाथ पर दो जगह काट लिया। जिससे गहरा जख्म हो गया। सीएचसी पर एआरवी (एंटी रेबीज वैक्सिन) लगाने के बाद किशोर को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल से एआरएस (एंटी रेबीज सीरम) लगवाने के लिए उसे दिल्ली रेफर किया गया। करीब तीन घंटे तक एंबुलेंस न मिलने परिजन किशोर को बस से लेकर दिल्ली गए।
औरंगाबाद नगर के मोहल्ला झब्बा कालोनी निवासी सोनू ने बताया कि छोटा भाई हिमांशु (17) सोमवार सुबह किसी कार्य से गया था। वापस घर आ रहा था तभी गली में घूम रहे एक कुत्ते ने अचानक पीछे से हमला कर दिया। हिमांशु के शोर मचाने पर परिजन एवं पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। कुत्ते ने उसे उल्टे हाथ की हथेली एवं कोहनी के पास काट लिया। गहरा जख्म हो जाने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखावटी ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
जिला अस्पताल से हिमांशु को दिल्ली ले जाने की सलाह दी। बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे से चार बजे तक 108 एवं एएलएस को कई बार कॉल की। 108 एंबुलेंस पर दिल्ली के लिए सुविधा न देने की बात कही तो एएलएस सेवा की एंबुलेंस खाली न होने पर लगातार समय देते रहे। चार बजे तक भी उन्हें एंबुलेंस नहीं मिल सकी।
अस्पताल में एआरवी की सुविधा है। एआरएस के लिए दिल्ली रेफर कर दिया जाता है। किशोर को भी तत्काल दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पताल