शिकारपुर। नगर पालिका परिषद की ओर से शहर में सड़क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत मोहल्ला गंज सादात के वार्ड 17 में 93 लाख रुपये की लागत से 67 मीटर लंबी सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाएगा। सड़क का निर्माण ताहिर के मकान से कदीर खां के कारखाने तक कराया जाना प्रस्तावित है।
नगर पालिका अध्यक्ष राजबाला सैनी और अधिशासी अधिकारी (ईओ) नीतू सिंह ने बताया कि नगर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकास कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। सीसी रोड बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, नाली के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। सड़क और नाली निर्माण होने से मोहल्ले के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। पालिका प्रशासन का कहना है कि नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।