आहार नली में सिक्का अटकने वाला मासूम शाहनवाज। संवाद
- फोटो : 1
बुलंदशहर। गुलावठी क्षेत्र के गांव समकोला निवासी चार वर्षीय शाहनवाज खेलते समय 10 रुपये का सिक्का निगल गया। सिक्का उसकी आहार नली में फंस गया, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी।
मंगलवार सुबह हुई इस घटना के बाद परिजन बच्चे को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले गए। एक्सरे जांच में सिक्का आहार नली में फंसा मिला। चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। पिता साजिद अली ने बताया कि गले में दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें जानकारी मिली। सिक्का निकालने के प्रयास असफल रहे। चिकित्सकों ने ऑपरेशन की जरूरत बताई, जिसके बाद परिजन उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रवाना हो गए।
बच्चों की पहुंच से दूर रखें सिक्के और छोटी वस्तुएं
मेडिकल कॉलेज के नाक, कान व गले की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मेघल चौधरी ने बताया कि छोटे बच्चों में खेल-खेल में सिक्के, बटन, खिलौनों के छोटे हिस्से और अन्य वस्तुएं मुंह में डालने की आदत होती है। कई बार ये वस्तुएं सांस की नली या आहार नली में फंस सकती हैं। इससे सांस लेने में परेशानी, खांसी, उल्टी और गले में दर्द जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाना चाहिए। सिक्का निकालने के लिए गले में उंगली डालने या जबरन कुछ खिलाने-पिलाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। छोटे बच्चों को खेलते समय निगरानी में रखें और सिक्कों समेत छोटी वस्तुओं को उनकी पहुंच से दूर रखें।
कोट
चार वर्षीय मासूम के गले में 10 रुपये का सिक्का फंसने पर परिजन उसे इमरजेंसी लेकर पहुंचे थे। जांच में सिक्का आहार नली में फंसा मिला। बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। - डॉ. धीर सिंह, चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल कॉलेज