अमर उजाला ब्यूरो
रबूपुरा(सिकंदराबाद)। चांदपुर गांव में शनिवार तड़के रंजिश में बाइक सवार बदमाशों ने एक पूर्व प्रधान को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों को मौके पर आता देख बाइकर्स फरार हो गए। घटना से गांव के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। घायल पूर्व प्रधान को स्थानीय अस्पताल से दिल्ली हायर मेडिकल रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
चांदपुर गांव निवासी वीर सिंह शनिवार तड़के पशुओं को चारा देने के लिए जा रहे थे। एक व्यक्ति पहले से ही वहां खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो लोग आए और पूर्व प्रधान वीर सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही खून से लथपथ वीर सिंह जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार भाग गए। आनन फानन में घायल वीर सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर मेडिकल के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया।
घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। पीड़ित की तरफ से एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी गई है। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस बदमाशों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दे रही है।