बुलंदशहर। महंगाई के सभी रिकार्ड तोड़ आलू बीज का मूल्य 5 से 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल पहुुंच गया है। एफ-1 बीज छह हजार रुपये क्विंटल से कम नहीं है। बीज के दाम बढ़ने से किसान बेचैन हैं। जिले में सात हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में आलू बोया जाएगा। एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में 20 क्विंटल आलू के बीज की जरूरत होती है। इस हिसाब से 1.40 लाख क्विंटल आलू के बीज की जरूरत होगी। सरकारी स्तर पर तो आलू के बीज का टोटा है। उद्यान विभाग ने महज 22 किसानों को लाटरी के जरिए बीज आवंटित किया था। सरकारी बीज की कीमत 2 हजार रुपये प्रति क्विंटल से कम है। बीज न मिलने के कारण किसान मंडियों में बीज खरीदने को मजबूर है। उद्यान विभाग के अधिकारियों को पता नहीं है कि कोल्ड स्टोरों में भंडारित आलू में बीज की मात्रा कितनी है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीके वर्मा का कहना है कि शासन से बीज का आवंटन कम हुआ था। बीज महंगा भी है।