खुर्जा। नवदुर्गा शक्ति मंदिर मार्ग पर बंद पड़े एक स्कूल परिसर में बुधवार देर रात एक आभूषण कारीगर की कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अवैध संबंध और प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ खुर्जा सुधीर त्यागी के मुताबिक खीरखानी मोहल्ला निवासी नसरुद्दीन (24) एक सर्राफ सोनू के यहां आभूषण बनाने का काम करता था। कर्ज अधिक होने से वह अपना मकान बेच कर गाजियाबाद के लोनी में रहने लगा था। बुधवार शाम नसरुद्दीन खुर्जा आया और सर्राफ सोनू और उसके साथी हेमंत छौंकर के साथ शराब पीने चला गया। सुबह स्कूल परिसर में नसरुद्दीन का शव पड़ा मिला। स्कूल में रह रहे लोगों की सूचना मिलते ही पुलिस ने सर्राफ सोनू को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शराब पीने के बाद वह नसरुद्दीन को हेमंत के घर छोड़ कर घर लौट गया था। नसरुद्दीन के खुर्जा निवासी एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध थे। एसएचओ ने बताया कि खास बात यह है कि जिस स्कूल परिसर में आभूषण कारीगर का शव मिला है ठीक उसके पास हेमंत छौंकर का घर है, लेकिन वह फरार है। पुलिस ने मौके से पिस्टल का एक खोखा बरामद किया है, लेकिन स्कूल में रहने वाले लोगों का कहना है कि उन्होंने फायरिंग की आवाज नहीं सुनी है। पुलिस ने सोनू सर्राफ, हेमंत छौंकर और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।