खुर्जा। तरीनान कालोनी में बृहस्पतिवार तड़के गैस सिलेंडर से लीक होने के कारण घर में आग लग गई। सिलेंडर और घर के अंदर से आग की लपटें देखकर परिजनों में भगदड़ मच गई। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। तब तक हजारों रुपये सामान जल चुका था। आग बुझाने के दौरान एक युवक बेहोश हो गया। तरीनान निवासी सलीम मोहल्ले में ही कचौड़ी की ठेली लगाता है। बृहस्पतिवार सुबह अचानक गैस सिलेंडर लीक होने से रेगुलेटर में आग लग गई। देखते ही देखते आग घर में फैली तो परिजनों में हड़कंप मच गया और पूरा परिवार घर से भाग निकला। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा हजारों रुपये का सामान कुर्सी, मेज, पंलग, इंर्वटर-बैट्री, बर्तन आदि जल गया। आग बुझाने के दौरान धुंए की चपेट में आकर आसिफ बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
कुतुबपुर बस धमाका : एक और मौत
शिकारपुर। शिकारपुर में गांव कुतुबपुर के पास बस में एलपीजी सिलेंडर से हुए विस्फोट में झुलसे लोगों के मरने का सिलसिला अभी भी थमा नहीं है। बृहस्पतिवार को दिल्ली स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती आदिल (2) पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी कुतुबपुर कोतवाली शिकारपुर की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सविता अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे में अब तक मरने वालों की संख्या 42 हो गई है। 22 सितंबर को शिकरपुर से जहांगीराबाद जा रही प्राइवेट बस में 5 किलो के एलपीजी गैस सिलेंडर के फटने से हादसा हुआ था।