बीबीनगर। क्षेत्र के गांव सैदपुर में एक विवाहिता को शादी के दस वर्षों बाद भी बच्चा न होने पर ससुरालीजनों पर उसे जलाकर मारने की कोशिश का आरोप है। मायके वालों ने गंभीर अवस्था में झुलसी विवाहिता को सीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे हायर मेडिकल सेंटर दिल्ली रेफर कर दिया गया। इस मामले में पति सहित पांच ससुराली जनों के नाम रिपोर्ट लिखाई है।
मेरठ के थाना किठौर अंतर्गत भगवानपुर बांगर निवासी रामपाल सिंह के पुत्र रविंद्र कुमार ने बताया कि उसकी बहन सविता की शादी दस वर्ष पूर्व सैदपुर निवासी सुदंरपाल सिंह के पुत्र पवन के साथ हुई थी। आरोप है कि सविता के कोई बच्चा न होने से क्षुब्ध उसके दो जेठ व जेठानी पवन की दूसरी शादी करना चाहते थे। साथ ही दो लाख रुपये की मांग भी कर रहे थे। आरोप है कि उनकी मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने सविता पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। सविता को बीबीनगर सीएचसी लाया गया जहां से उसे बुलंदशहर रेफर किया गया। रविंद्र ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसी सविता को हायर मेडिकल सेंटर दिल्ली रेफर किया गया है। थाना पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पकड़ में दबिश दी जा रही है।
दहेज के लिए महिला को जलाने की कोशिश
चोला। गांव चोला में मंगलवार दोपहर बाद एक महिला को पति, जेठ व देवर ने रसोई में बंद कर जलाने की कोशिश की। पड़ोसियों ने पीड़िता को मुक्त करवाया और चोला चौकी लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पीड़िता के मायके वाले भी चौकी पहुंच गए। पिता ने उसके पति, जेठ व देवर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। थाना देहात खुर्जा क्षेत्र के गांव अगराई की रहने वाली भारती की दो वर्ष पहले चोला निवासी विष्णु के साथ शादी हुई थी। आरोप है कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा और उसका एक नौ माह का बेटा भी है। भारती ने बताया कि दोपहर के समय उसे पति, जेठ और देवर ने पहले उसके साथ मारपीट की और रसोई में बंद कर गैस का सिलेंडर खोल दिया। जब उसने देखा कि उसकी जान खतरे में है तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए ।