खुर्जा जंक्शन। चौकी क्षेत्र के गांव सौंदा में जमीन के लिए भतीजे ने अपने चाचा की खेत में गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी भतीजे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ खुर्जा शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जंक्शन क्षेत्र के गांव सौंदा निवासी वृद्ध किसान बनी सिंह 65 ने विवाह नहीं किया था। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव खेत में मिला तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दस बीघा जमीन के लिए अपनों ने ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया। इस पर पुलिस ने मृतक के भतीजे सुभाष उर्फ लाला से सख्ती से पूछताछ की तो उसे चाचा की हत्या करना स्वीकार कर लिया। सीओ ने बताया कि मृतक किसान अविवाहित था और उसके नाम दस बीघा जमीन थी। काफी दिन से सुभाष जमीन को कब्जाने के लिए प्रयास में था। पुलिस ने तहरीर पर सुभाष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।