बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरा प्रथम इलाके में दिनदहाड़े हुई सर्राफ से लूट की वारदात को पुलिस संदिग्ध बता रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित सर्राफ ने घटना के 24 घंटे बाद भी थाने में तहरीर नहीं दी है। इससे शक है कि बदमाशों में से कुछ को सर्राफ जानता है।
विज्ञापन
बता दें कि बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बाइक सवार छह बदमाशों ने सर्राफ सुधीर की दुकान पर हमला बोलकर लूटपाट की। सर्राफ को चाकू भी मारे थे। पुलिस से डरा सर्राफ अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करा पाया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि सर्राफ को डर है कि कहीं तफ्तीश के दौरान वह खुद न फंस जाए। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि सर्राफ ने पूछताछ में एक हिस्ट्रीशीटर प्रदीप पुत्र सतवीर निवासी जलालपुर करीला थाना शिकारपुर का नाम लिया है। पुलिस ने प्रदीप के घर दबिश दी थी, लेकिन वह फरार मिला।