खुर्जा। ढांकर गांव में मुर्गियां कुचलकर भाग रहे ट्रैक्टर का पीछे करते वक्त समय बाइक सवार युवक पीछे से ट्रैक्टर से टकराकर लहूलुहान हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को खबरा गांव में घेर लिया, लेकिन पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। बाद में परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात अस्पताल और कोतवाली में जमकर हंगामा किया।
फरहाना गांव निवासी एक युवक ट्रैक्टर से रविवार शाम ढांकर गांव से गुजर रहा था। अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आकर आधा दर्जन मुर्गियां मर गईं। ग्रामीणों ने पैदल और बाइक से ट्रैक्टर का पीछा किया। अचानक ट्रैक्टर चालक ने ब्रेक लगाई तो बाइक सवार राजू (19) का सिर ट्रैक्टर से टकरा गया। राजू लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटना कर भाग रहे चालक को खबरा गांव में घेर लिया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रैक्टर समेत चालक को हिरासत में ले लिया। इससे परिजन और ग्रामीणों ने देर रात अस्पताल और कोतवाली में हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसएचओ सुधीर त्यागी का कहना है कि मृतक के परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के लोग समझौते की कोशिश कर रहे हैं।
बस की टक्कर से बाइकर्स की मौत
शिकारपुर। नगर के बाईपास पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बांसोटी निवासी सदरू (30) की शिकारपुर में दुकान है। वह सोमवार शाम दुकान बंदकर बाइक से गांव लौट रहा था। बाईपास स्थित अनूपशहर मोड़ के पास दिल्ली जा रही रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। मौके पर ही सदरू की मौत हो गई।
कार से टकराकर खाई में गिरे दो युवक
खुर्जा। बदशाहपुर पंचगाई निवासी आस मोहम्मद और सोनू बाइक से सोमवार को हाईवे बाईपास से घर लौट रहे। शिकारपुर ओवरब्रिज पर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। दोनों बाइक समेत हाईवे बाईपास के किनारे खाई में जा गिरे और घायल हो गए। प़ुलिस ने दोनों को खाई से निकाल कर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।