डिबाई। नगर के श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नालाजी में बीकॉम फाइनल ईयर के प्रत्येक छात्र को प्रैक्टिकल में 80-80 नंबर दिलाने के नाम पर 500-500 रुपये ले लिए गए। बाद में मनमुताबिक नंबर न आने पर सोमवार को एबीवीपी के बैनर तले छात्रों ने हंगामा किया और रुपये वापस मांगे। छात्रों का आरोप है कि जब कालेज प्रशासन रुपये वापस मांगे गए तो अभद्रता की गई। छात्रों ने वार्ता की ऑडियो रिकार्डिंग भी कर ली। शिकायत पर एसडीएम ने जांच का आश्वासन दिया।
बींकाम फाइनल के छात्रों ने बताया कि तीन जून को सीसीएसयू के दो एक्जामनर ने मौखिक परीक्षा ली थी। कार्यवाहक प्रिंसिपल, प्रवक्ता रवि गुप्ता, मैनेजमेंट के दीपक अग्रवाल पर आरोप लगाया कि परीक्षा से पूर्व 100 में 80 नंबर दिलाने के लिये 96 छात्रों से पांच सौ रुपये प्रति छात्र से वसूले गए। बाद में पता चला कि सभी छात्रों के नंबर कम है। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर प्रिंसिपल, मैनेजमेंट के लोगों ने दुर्व्यवहार किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को शांत किया। एबीवीपी के विभाग संयोजक विकास कुमार, दानिश, खजान सिंह, लोकेश, दयाल बाबू छात्रों आदि को एसडीएम हरी शंकर ने जांच करने का भरोसा दिया है।
सेक्शन बढ़ाने के लिए छात्रों ने काटा हंगामा
बुलंदशहर। आईपी कॉलेज में अतिरिक्त सेक्शन की मांग के लिए छात्र-छात्राओं ने सोमवार को प्राचार्य का घेराव कर हंगामा काटा। छात्र बीएससी-बीकॉम में दो-दो अतिरिक्त सेक्शन बढ़ाने की मांग कर रहे थे। दो घंटे चले हंगामे के बाद प्राचार्य ने विश्वविद्यालय को सेक्शन बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है। छात्र कल्याण समिति के अध्यक्ष अमरपाल लोधी ने बताया कि आईपी कॉलेज में बीकॉम में 2778 रजिस्ट्रेशन और बीएससी में 1562 रजिस्ट्रेशन हैं जबकि सीटें कम है। कई छात्र ऐसे हैं, जिनके नाम लिस्ट में थे लेकिन पांचवीं लिस्ट से उनके नाम गायब हैं। कॉलेज प्रभारी सुरेंद्र कुमार लोधी ने बताया कि छात्र-छात्राओं के सामने एडमिशन संकट शुरू हो गया है। मौके पर जुबेर आलम, अदीबा, भूपेेंद्र, गौरव, कल्पना गर्ग, रवि चौहान, वर्षा चौधरी, रीना तेवतिया, राहुल लोधी, जीतू सागर, नानक लोधी, अंकित आदि रहे।
छात्र-छात्राएं सेक्शन बढ़ाने की मांग को लेकर मेरे पास आए थे। बीएससी-बीकॉम में दो-दो सेक्शन बढ़ाने के लिए विवि को पत्र लिखा है। - वीके अग्रवाल, प्राचार्य, आईपी