एसई का घेराव कर की जमकर नारेबाजी
बुलंदशहर। अंधाधुंध बिजली कटौती और जर्जर तारों पर किसान सभा और माकपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एसई कार्यालय पर हंगामा कर एसई राकेश कुमार को घेर लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल्द ही बिजली से संबंधित समस्याओं का हल नहीं हुआ तो वे पावर कारपोरेशन के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे।
बिजली समस्या को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और जिला किसान सभा के कार्यकर्ता सोमवार को एसई कार्यालय पहुंचे। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव चंद्रपाल सिंह ने बताया कि अंधाधुंध बिजली कटौती से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें मात्र दो से तीन घंटे ही बिजली मिल रही है। इस वजह से खेतों में खड़ी फसल सूख रही है। किसान सभा जिलाध्यक्ष मेघराज सिंह ने कहा कि जर्जर लाइनें होने के कारण यह दिक्कत आ रही है। हंगामा करने वालों में अशोक सिरोही, मूलचंद सिंह, मीरपाल सिंह, मेघराज सिंह, बलवीर सिंह, महेंद्रपाल शर्मा, वृगभान सिंह, श्योदान सिंह, अमरपाल सिंह, विजयपाल सिंह, अब्दुल हक आदि रहे।
तीन बार फुंका ट्रांसफार्मर, एक्सईन को घेरा
बुलंदशहर। हाइडिल कालोनी में वलीपुरा के लोगों ने एक्सईन का घेराव कर हंगामा किया। उनका आरोप था लोड न उठाने पाने के कारण गांव का ट्रांसफार्मर तीन बार फुंक चुका है। यदि अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर न रखा गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। वलीपुरा निवासी सोमवार दोपहर एक्सईएन खंड दो कार्यालय पहुंच गए। दफ्तर में घुसकर लोगों ने हंगामा किया। गांव निवासी विनोद, गौरव, राजपाल सिंह, मामचंद, अनित, पूनम, हेमलता आदि ने बताया कि गांव में 500 से अधिक विद्युत कनेक्शन होने के बावजूद कम क्षमता(63केवीए) का ट्रांसफार्मर रखा है।