खुर्जा। विकास नगर कालोनी से एक युवक पड़ोस की युवती लेकर रफूचक्कर हो गया। युवती के परिजनों ने मंगलवार शाम युवक के घर पर हंगामा किया। विकास नगर से सोमवार दोपहर एक युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारी खोजबीन के बाद शाम को एक व्यापारी के बेटे पर युवती भगा ले जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। जब लोगों ने हंगामा कर रहे परिजनों को रोकने का प्रयास किया तो उनकी झड़प हो गई। करीब आधा घंटे तक हंगामा चलता रहा, लेकिन सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुची। प्रेमी युगल के परिजनो ने अभी तक कोतवाली मे मौखिक या लिखित में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। एसएचओ सुधीर त्यागी ने मामले की जानकारी होने से इंकार किया है।
विवाहिता को पीट कर मार डाला
खतौली। नई आबादी में ससुराल वालों ने एक विवाहिता आयशा की बेहरमी से पीटकर हत्या कर दी। बुलंदशहर से आए मायके वालों ने घर और कोतवाली पर जमकर हंगामा करते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतका के पिता शाहजहांपुर निवासी काजी कलामुद्दीन ने पति समेत सात परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।