खुर्जा। तीन दिन पूर्व बदायूं में दो किशोरियों की गैंगरेप के बाद हत्या कर उनका शव पेड़ से लटकाने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की फजीहत का मामला अभी गरमाया ही हुआ है कि अब शनिवार रात बुलंदशहर के पहासू थाने की हवालात में युवक की मौत ने एक बार फिर यूपी पुलिस को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वहीं, दोनों मामलों में फजीहत झेल रही यूपी सरकार के अफसरों ने रविवार को तत्काल कार्रवाई कर सीओ शिकारपुर समेत पूरा पहासू थाना निलंबित कर दिया।
बता दें कि लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था के पंगु होने पर विरोधियों के हमले झेल रही प्रदेश सरकार को अब कानून व्यवस्था के नाम पर फजीहत झेलनी पड़ रही है। बदायूं में दो किशोरियों की गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। वहीं मामले के राष्ट्रीय स्तर पर उछलने से राज्य सरकार की छवि पर सवाल उठने लगे हैं।