बुलंदशहर। भूड़ रोड खालसा स्कूल के पास स्थित मधुबन शादी मंडप में शुक्रवार देर रात एक प्रेमी ने सगाई समारोह में प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद प्रेमी ने खुद को भी गोली मार ली। वारदात से भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग से दो और लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कालरा ने बताया कि लड़की एलएलबी थी और शुक्रवार देर रात उसकी सगाई हो रही थी। बताया जाता है कि इसी दौरान उसका प्रेमी आदित्य नागर जो खुद एलएलबी था, मौके पर पहुंचा और सगाई रुकवाने को लेकर विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर उसने तमंचे से पहले प्रेमिका को गोली मारी और फायरिंग करने लगा। इसमें दो लोग और जख्मी हो गए। इसके बाद आदित्य ने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस मौके पर पहुुंच कर जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि दोनों पीसीएस की तैयारी कर रहे थे। वारदात से मंडप में हड़कंप मच गया और भागमभाग की स्थिति बन गई।