जहांगीराबाद। गन्ना किसानाें की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता सूर्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने मिल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। आश्वासन पूरा न होने पर किसानों ने सीसीओ (मुख्य गन्ना अधिकारी) का घेराव किया। शीघ्र कार्रवाई के आश्वासन पर किसानों ने धरना खत्म किया।
किसानों का कहना था कि बीते दिनों चटहेरा गन्ना क्रय केन्द्र पर घटतौली पकड़ी गई थी। जांच करने गए केन एकाउंटेंट को किसानों ने बंधक बना लिया था। प्रबंधक द्वारा तौल बाबू को निलंबित किए जाने के आश्वासन पर किसान माने थे। दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी तौल बाबू के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा गन्ना माफियाओं पर लगाम लगाने व प्रतिदिन तौल होने का आश्वासन भी अब तक पूरा नहीं हुआ है।
चटहेरा, शकरपुर, निन्यानन्दपुर नगली, पाली आनन्द गढ़ी गांवों को चन्दनपुर शुगर मिल से जोड़ दिया गया है, इससे किसानों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा डाक बांटने की शुरूआत करने व गन्ना केन्द्रों को चलवाने की मांग को लेकर किसानों ने सीसीओ का घेराव किया। इस दौरान महाराज सिंह, अनुज कुमार, विजय प्रताप, रविन्द्र सिंह, मनवीर, राजेन्द्र, चन्द्रवीर, वीरपाल सिंह व भूपेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। प्रबंधक एसडी सिंह ने किसानों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।