खुर्जा। बच्चों के मुंह का निवाला छीनकर आगनबाड़ी कार्यकत्री पशुओं को खिला रही हैं। खुर्जा में एसडीएम ने मुखबिर की सूचना पर छापामारी कर पशुपालक के घर से आठ बोरी पोषाहार बरामद किया है। बरामद पोषाहार पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस पशुपालक से पूछताछ कर रही है। प्रशासन तीन कार्यकत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
एसडीएम पुष्प राज सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सोमवार शाम सराय नसरुल्लाह कालोनी में एक पशुपालक के घर छापामारी कर आठ बोरी आंगनबाड़ी पोषाहार बरामद किया गया है। एसडीएम का दावा है कि पशुपालक किला मेवई से पोषाहार खरीदकर पशुओं को खिलाने के लिए लाया था। पुलिस ने आरोपी पशुपालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीएम ने बरामद पोषाहार पुलिस के हवाले कर दिया है। एसडीएम पुष्पराज सिंह ने कहा कि बच्चों के मुंह से निवाला छीनकर पशुओं को खिलाने के लिए पोषहार बेचने वाली तीनों कार्यकत्रियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।