बुलंदशहर/अहार/नरौरा। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर स्नान के लिए श्रद््रालु उमड़ने लगे हैं। हालांकि गंगा स्नान का क्रम अर्द्धरात्रि से ही शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने घाटों पर विशेष व्यवस्था की। घाटों के किनारे बेरिकेडिंग के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कार्तिक पूर्णिमा पर में स्नान करना सबसे शुभ होता है। स्नान रविवार देर रात तक चलेगा। इससे पहले कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में स्नान के लिए शनिवार शाम से ही श्रद्धालु राजघाट और नरौरा के गंगाघाटों पर पहुंचने लगी। राजघाट में जिला पंचायत की ओर से पथ प्रकाश और पानी में बेरिकेडिंग आदि की व्यवस्था की गई। उधर, अहार में दो दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला का शनिवार को शुभारंभ हो गया है। यह मेला क्षेत्र के औरंगा ताहरपुर स्थित सिद्धबाबा गंगा घाट पर लगता है। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु सिद्ध बाबा की प्रतिमा पर गंगा जल चढ़ाते हैं। वहीं मां अवंतिका देवी मंदिर में भी गंगा स्नान को लेकर श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। यहां पर भी श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद मां अवंतिका देवी के मंदिर में पूजा कर मनौतियां मांगते हैं।
अव्यवस्था पर दिखा गुस्सा
अनूपशहर। शनिवार को घाटों और मेले में अव्यवस्था दिखाई दी। मेले में प्रकाश, पानी, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के ठहरने आदि के इंतजाम नदारद रहे। इससे श्रद्धालुओं में रोष दिखाई दिया। मेले में विभिन्न विभागों के कैंप तो लगाए गए, लेकिन कैंपों में ठहरने के लिए दरी आदि नहीं थी। मेला क्षेत्र में बनाये गये वाच टावर भी मात्र शोपीस बने हुए हैं। वहीं मेले में प्रकाश की व्यवस्था ठप है। एसडीओ विकास सिंह ने बताया कि मेला के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए पत्राचार किया था, लेकिन रोस्टर फ्री कोई आदेश नहीं आया है। वहीं डेरा सच्चा सौदा के करीब दो सौ कार्यकर्ता यातायात व सुरक्षा व्यवस्था तथा गंगा की स्वच्छता को लेकर सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। एसपी क्राइम लाल बहादुर यादव ने कहा कि मेले में पुलिस बल तैनात है।