बुलंदशहर। दिल्ली में हुए गैंगरेप कांड की कसक नुमाइश प्रदर्शनी में भी दिखाई दी। रविंद्र नाट्यशाला में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र और छात्राओं ने दिल्ली गैंगरेप पीड़ित बेटी के जीवन को उकेरा। साथ ही बेटियों की उन बदतर स्थितियों का भी जिक्र किया, जिनसे वह जूझ रही हैं। चित्रों के माध्यम से सेव गर्ल्स की आवाज भी बच्चों ने उठाई। प्रतियोगिता के आयोजकों ने प्रतिभागियों के बेटी बचाओं के प्रयास को सराहा। मुख्य अतिथि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट एके सिंह और उनकी पत्नी अलका सिंह मौजूद रहीं। प्रतियोगिता का परिणाम सोमवार को घोषित किया जाएगा। रविवार दोपहर को रवींद्र नाट्यशाला में चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान कक्षा 9 की छात्रा शिवानी ने बताया कि हमारा सब्जेक्ट वर्तमान हालात से संबंधित है। समाज में बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। इसी की एक झलक को चित्रों में उकेर रहे हैं। दिल्ली में हुई त्रासदी भी ऐसी ही घटना है। चित्रकला प्रतियोगिता संयोजक एडवोकेट प्रशांत जोहरी ने बताया कि कक्षा नर्सरी से लेकर डिग्री कालेजों के छात्र और छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। छह वर्गों में बंटी प्रतियोगिता में 1648 बच्चे शामिल हुए। सब्जेक्ट प्राकृतिक चित्रण, आलेखन, आतंकवाद, वर्तमान हालात आदि रहे। उन्होंने बताया कि समाज में अनगिनत बुराइयां फैली हैं। इनसे कैसे निपटा जाए, इसका चित्र बनाने के लिए भी बच्चों से कहा गया था। मौके पर एडीआईओएस एश्वर्या जायसवाल, डिप्टी बीएसए सुशील व्यास, पीटीआई पंकज कुमार समेत आदि लोग मौजूद रहे।