शिकारपुर (बुलंदशहर)। कस्बा निवासी और अलीगढ़ के सर्राफा व्यापारी के बंद मकान का ताला तोड़कर शुक्रवार रात चोरों ने 45 हजार रुपये नगद और दो लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। शनिवार को विवाह समारोह से घर लौटने पर परिजनों को वारदात का पता चला और उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मोहल्ला महल निवासी राकेश वर्मा ने बताया कि उनकी अलीगढ़ के अमरौली में सर्राफ की दुकान है। शुक्रवार रात वह परिवार के साथ अलीगढ़ एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह जब वह घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि मेनगेट का ताला टूटा और घर का सामान तितर बितर पड़ा था। चोरों ने मकान में रखी अलमारी और बक्सों को खंगाल कर रख दिया था। राकेश की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। राकेश ने बताया कि चोर उनके मकान से पैंतालिस हजार रुपये की नगदी और लगभग दो लाख रुपये के जेवर चुराकर ले गए हैं। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।