बुलंदशहर। पहले मुहूर्त देवोत्थान एकादशी पर शनिवार को शादियों की धूम रही। जिले में करीब 12 सौ और शहर में 150 से ज्यादा शादियां हुईं। सड़कों पर बारात निकलने और पार्किंग न होने के चलते शहर जाम हो गया। सबसे ज्यादा दिक्कत मैरिज होम्स के बाहर सड़कों पर रही। लोग घंटों जाम से परेशान हुए।
शनिवार को देवोत्थान एकादशी के चलते बिना मुहूर्त सुझाए शादियां की गईं। इस शुभ दिन शादी-विवाह का मुहूर्त निकलवाने की जरूरत नहीं मानी जाती। ऐसे में पहले मुहूर्त पर शादियों की भरमार रही। यही हाल खुर्जा और सिकंदराबाद में भी देखने को मिला।
बाजार गुलजार
शादी समारोहों के चलते बाजारों में भी सुबह से ही चहल-पहल रही। टैंट, बैंड, घोड़ा बग्गी, हलवाई और टैक्सियों की बुकिंग पहले ही हो गई थी। देवोत्थान एकादशी के दिन पहली मुहूर्त पर इनके दाम भी ज्यादा वसूले गए। ब्यूटी पार्लर में भी यही हाल था। पहले से ही बुकिंग थीं। दुल्हनें के शृंगार के लिए लाइन लगी रही। पांच हजार से लेकर 15 हजार तक वसूले गए।
55 रुपये किलो तक बिका दूध
शादी समारोहों के कारण बाजारों में मनमानी वसूली की गई। दूध-पनीर की व्यवस्था ने लोगों को पसीना ला दिया। 50-55 रुपये किलो तक दूध के दाम वसूले गए। मावा, फलों और सब्जियों के दामों में भी शादी सीजन ने आग लगा दी। डेयरी स्वामी रेवती पहलवान ने बताया कि उनके पास 37 शादियों के लिए दूध की बुकिंग थी।
पार्किंग न होने से समस्या
शहर के ज्यादातर मैरिज होम मुख्य सड़कों के किनारे हैं। एक भी मैरिज होम के पास पार्किंग नहीं है। ऐसे में ज्यादातर वाहन सड़क किनारे पार्क कर दिए गए। जिससे रोड संकरी हो गई और शाम होते ही जाम की समस्या शुरू हो गई।
15 हजार में सजी गाड़ियां
शादी समारोहों से फूलों के दामों में भारी उछाल आया। गुलाब का फूल प्रति 35-50 रुपये तक में बिका। गुलदस्तों की कीमत भी सौ रुपये से 11 सौ रुपये तक रही। गाड़ी सजवाने के लिए दोपहर से ही लाइन लग गई, जो देर रात तक जारी रही। गाड़ी सजाने के 11 सौ से 15 हजार रुपये तक वसूले गए।