गुलावठी (ब्यूरो)। चोरों ने मंगलवार रात गुलावठी स्थित बीआरसी कार्यालय समेत तीन परिषदीय स्कूलों के ताले तोड़कर लाखों का माल साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार चोरों ने सबसे पहले बीआरसी कार्यालय के मेन गेट के ताले तोड़ा। खंड शिक्षा अधिकारी के आफिस का ताला भी तोड़ा। बुधवार सुबह खंड शिक्षा अधिकारी केएल वर्मा के आफिस पहुंचने पर सुबह चोरी का पता चला। उन्होंने बताया कि चोर कंप्यूटर, कलर टीवी, एलसीडी, दो इन्वर्टर, दो बैटरी, दो सिलेंडर और एक स्टेबलाइजर ले गए। केएल वर्मा ने थाने में तहरीर दी है। चोरों ने उसी परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय की रसोई के ताले तोड़कर दो गैस सिलेंडर और दो बोरी गेहूं चोरी किया। प्रधानाध्यापक मुबीन खां ने तहरीर दी है। उधर, गांव औलेढ़ा स्थित प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के ताले तोड़कर चोरों ने एक गैस सिलेंडर और मिड डे मील के बर्तन चोरी कर लिए।