बुलंदशहर। गांव गंगेरुआ में शनिवार को रोडा वेटर की मदद से खेत जुतवा रहे युवक हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से दिल्ली जाने के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से युवक की मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव गंगेरुआ निवासी भरत सिंह का पुत्र अमित (24) खेत की जुताई के लिए नौसाना निवासी ट्रैक्टर चालक किशन पाल को बुलाकर लाया था। शनिवार सुबह अमित खेत की जुताई करा रहा था। इसी दौरान रोडा वेटर में फंसकर अमित गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि चालक ने उन्हें हादसे की सूचना नहीं दी। ग्रामीणों की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को जिला अस्पताल लेकर आए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद अमित को रेफर कर दिया। परिजन अमित को दिल्ली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अमित की मौत हो गई।