बुलंदशहर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने कहा कि वक्त ने भाजपा और मुझे सबक सिखा दिया है। अब प्रदेश के हालत सुधरेंगे और जल्द ही लोगों को भ्रष्ट सरकारों से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के साथ बैठक होने के बाद ही समझौते पर वापसी की चर्चा होगी।
दिल्ली से लौटकर सिविल लाइन स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कल्याण सिंह ने कहा कि पांच अक्तूबर को लखनऊ में प्रदेश कार्यकारिणी में मौजूद करीब 500 कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। जिसमें प्रदेश के वर्तमान हालात और लोक सभा चुनाव को लेकर भी पर चर्चा हुई। भाजपा में वापसी के लिए कुछ मेरी शर्त होंगी और कुछ पार्टी की शर्त पर बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि वक्त ने पार्टी और मुझे बहुत सिखाया है। भाजपा में कब वापसी होगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव चल रहे हैं। पार्टी के बड़े नेता दौरे पर हैं, इसलिए कुछ समय के लिए बातचीत का दौर नहीं हो पा रहा है। कल्याण सिंह ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के बड़े नेताओं को बेवजह केजरीवाल परेशान कर रहे हैं। इस मौके पर संजीव रामा, सुंदर सिंह लोधी, शंभू सिंह लोधी, संजीव अग्रवाल रहे।
राजनाथ बोले, कल्याण से बढ़ेगी भाजपा की ताकत
गाजियाबाद। पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं गाजियाबाद सांसद राजनाथ सिंह ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की वापसी से पार्टी की ताकत बढ़ेगी। उनका भाजपा में आना मेरे लिए खुशी की बात है। सोमवार को यहां राजनगर स्थित आवास पर मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में राजनाथ ने कहा कि कल्याण को पार्टी में लाने के लिए पार्टी संगठन के स्तर पर प्रयास चल रहे हैं। कल्याण कब तक भाजपा ज्वाइन करेंगे, इस सवाल पर राजनाथ कुछ नहीं बोले।