अनूपशहर। भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के बैनर तले किसानों ने ग्यारह सूत्रीय मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को एसडीएम कार्यालय पर धरना दिया। किसानों ने एक सप्ताह के अंदर मांगे पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।
धरने को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव खुर्शीद आलम अहारवी ने अहार पंचायत में नायब तहसीलदार और लेखपाल पर अभद्र रवैया अपनाने का आरोप लगाया। मंडल उपाध्यक्ष कांति प्रसाद शर्मा ने धरने के बाद तहसीलदार रामनाथ वर्मा को ज्ञापन देते हुए कहा कि अहार क्षेत्र में वन विभाग और नगरपालिका बुलंदशहर ने हजारों बंदर छोड़े हैं। बंदरों ने किसानों की फसलों को तबाह कर दिया है। क्षेत्र में विद्युत संकट बना हुआ है।
कई ऐसी समस्याएं है जिनसे किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। यदि एक सप्ताह के अंदर मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकालीन धरना होगा। प्रदर्शन में हरप्रसाद, भवेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, रमेशचंद आदि किसान मौजूद रहे।