भारी विरोध के बीच पुरानी जेल रोड से डीएवी तिराहे तक अतिक्रमण ध्वस्त
बुलंदशहर। अभियान के तहत शनिवार को भी शहर में भारी विरोध के बीच नगर पालिका की टीम ने 78 अतिक्रमण ध्वस्त किए। पुरानी जेल रोड से डीएवी तिराहे तक चले अभियान में दुकानों के बाहर लगे टीनशेड और नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान अफसरों और दुकानदारों के बीच नोकझोंक भी हुई। इस पर व्यापारियों ने दुकानें बंद कर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। अतिक्रमण हटाने के दौरान अंसारी रोड चौराहे पर जाम की समस्या बन गई। दोपहर करीब 1 बजे पुरानी जेल के सामने नगर पालिका की टीम का दुकानदारों ने विरोध किया। दुकानदार और अफसरों के बीच जमकर नोकझोंक हुई।
सड़कों के किनारे हुए अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। विरोध करने वाले ज्यादातर ऐसे लोग हैं जिन्हाेंने नालों पर अतिक्रमण कर रखा है। किसी भी हालत में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।
- ओंकार अरोरा, प्रभारी अतिक्रमण अभियान
अतिक्रमण पर चेताया
खानपुर। एसडीएम स्याना ने शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय में बैठक कर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी। इस दौरान मतदाता सूची अपडेशन पर भी चर्चा हुई। स्याना एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने व्यापारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों से कहा कि वे 25 मई तक स्वयं अतिक्रमणों को हटा लें। अन्यथा पुलिस बल के साथ उन्हें हटाया जाएगा और उसका खर्च भी अतिक्रमणकारी को देना होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में वोट बढ़ाने के लिए 25 मई तक अभियान चलेगा। जिन लोगों की वोट नहीं बनी है वे उसे बनवा लें। व्यापार मंडल नगराध्यक्ष चमन गुप्ता, बिन्नामी चौहान, अशोक सोनी, पवन अग्रवाल, करम इलाही, फैयाज खां, सईद खां, फूल सिंह सैनी, योगराज सिंह आदि मौजूद रहे।