कई थानों के सर्किल में किया फेरबदल
बुलंदशहर (ब्यूरो)। एसएसपी गुलाब सिंह के गुलावठी को सर्किल बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। एसएसपी ने गुलावठी में सीओ पद पर शैलेंद्र श्रीवास्तव को तैनात किया है।। इसके साथ ही कई थानों के सर्किल में फेरबदल किया है।
गुलावठी में नया सीओ सर्किल बनाने के प्रस्ताव को सोमवार रात मंजूरी मिल गई। क्षेत्राधिकारी के रूप में शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव को नियुक्त किया है। अब गुलावठी सीओ कस्बे में कार्यालय बनाकर बैठा करेंगे। नए सर्किल के अधीन गुलावठी, अगौता और बीबीनगर थाने रहेंगे। सिकंदराबाद सर्किल से गुलावठी थाने को अलग किया है। स्याना सर्किल से बीबीनगर थाने को जोड़ा गया है। उधर खुर्जा सर्किल से जहांगीरपुर थाने को अलग कर सिकंदराबाद सर्किल में जोड़ा गया है। सिकंदराबाद सर्किल में सिकंदराबाद, ककोड़ और जहांगीरपुर थाने रहेंगे।
लोगों ने किया विरोध
बीबीनगर। बीबीनगर को गुलावठी को सर्किल से जोड़ने का लोगों ने विरोध किया है। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगन सिंह ने कहा कि 2002 में बीबीनगर थाने को सिकंदराबाद सर्किल क्षेत्र से जोड़ा गया था। लोगों के विरोध पर उसे पुन: स्याना सर्किल में ही जोड़ा गया। जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार का कहना है कि क्षेत्र के लोगों को स्याना अधिक सुविधाजनक है। गुलावठी से जोड़े जाने से जनता को परेशानी होगी। पूर्व चेयरमैन विजयवीर सिंह सिरोही का कहना है कि स्याना की दूरी मात्र नौ किलोमीटर है और गुलावठी 18 किलोमीटर है। बाजार और मंडी का काम स्याना में ही पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र को गुलावठी सर्किल से जोड़ा जाना गलत होगा। डा. नरेश, विवेक राठी आदि ने भी विरोध किया।