बुखार से दो मासूमों समेत तीन की मौत
जहांगीरपुर। क्षेत्र के गांव हसनपुर में शनिवार सुबह बुखार से दो माह के मासूम की मौत हो गई। गांव में दो दिन में बुखार से दो मासूमों समेत तीन लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में क्षेत्र में अब तक हुई बुखार से मौतों की संख्या बढ़कर चार हो चुकी है। कई गांवों के लोग बुखार की चपेट में हैं। लगातार हो रही मौतों से लोगों में दहशत है। वहीं बीमारी के रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई उपाय न होने से ग्रामीणों में रोष है।
जहांगीरपुर क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी नकुल का दो माह का बेटा विनीत पिछले एक सप्ताह से बुखार के चपेट में था। परिजन उसका इलाज निजी चिकित्सक से करा रहे थे। शनिवार सुबह अचानक तबियत बिगड़ने पर मासूम विनीत की मौत हो गई। वहीं पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित सोहम का छ माह का बेटा आशीष तथा गांव की 60 वर्षीय वृद्धा सुनहरी देवी पत्नी नारायण की शुक्रवार को मौत हो गई। दोनों मासूमों और वृद्धा की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा है। इससे पूर्व शुक्रवार को ही चिंगारावली गांव में बुखार से पीड़ित छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। ऐसे में तीन दिन के भीतर क्षेत्र में बुखार से चार लोगों की जान जा चुकी है। क्षेत्र के गांव नारमोहम्मदपुर, गोविला, रखेड़ा, परौरी, चिंगरावली, कपना समेत कई गावों में बच्चों से लेकर बड़ों तक काफी संख्या में लोग बुखार की चपेट में है। बुखार से लगातार हो रही मौतों से लोगों मेें दहशत है। ग्रामीणों के मुताबिक अभी स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम जांच पड़ताल करने नहीं पहुंची है। इससे लोगों में रोष है।
--------
पशुओं में भी फैली बीमारी, तीन की मौत
क्षेत्र के गांव में कई पशु भी रहस्यमय बीमारी की चपेट में हैं। हसनपुर गांव में अब तक तीन भैंसों की मौत हो चुकी है। गांव के प्रधान दलवीर सिंह ने बताया कि गांव के धीरज, चंद्रपाल, बलवीर की भैंस कई दिनों से बीमार थी। बीते दिनों उनकी मौत हो गई। इसके अलावा गांव के कई पशु बीमारी की चपेट में हैं। शिकायत के बाद भी पशु चिकित्सा विभाग की ओर से उपचार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।